प्रियंका सोमवार सुबह जबलपुर पहुंचीं। यहां से वह सीधे ग्वारीघाट गईं। उन्होंने 101 ब्राह्मणों के साथ करीब 20 मिनट तक मां नर्मदा की वंदना की। इसके बाद वह शहीद स्मारक मैदान में सभा के लिए पहुंची। प्रदेश के तमाम वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के भाषण का सिलसिला मंच से शुरू हुआ। प्रियंका गांधी के भाषण से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाते कमलनाथ को संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया। कमलनाथ को मंच से मध्य प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री कहकर पुकारा गया।
जैसे ही कमलनाथ भाषण के लिए खड़े हुए, सभा स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं ने 'जय जय कमलनाथ और हमारा सीएम कैसा हो, कमलनाथ जैसा हो' के नारे लगाए। नारों के बीच प्रियंका गांधी ने मुस्कान देकर और हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं को शांत करने की कोशिश भी की। लेकिन प्रियंका गांधी के विक्ट्री साइन इशारे के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया। फिर प्रियंका ने मुस्कान देकर और सिर हिलाकर कार्यकर्ताओं की मांग का जवाब दिया। इसके बाद कार्यकर्ता शांत हो गए। फिर कमलनाथ ने अपना संबोधन शुरू किया।
यह मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं... -कमलनाथ
प्रियंका ने मध्य प्रदेश की जनता को दिया आश्वासन
प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हो रहा है, आपका शोषण हो रहा है।" प्रियंका ने कहा कि 2018 में आप लोगों ने कांग्रेस की सरकार को चुना था, लेकिन बीजेपी ने पैसे के बल पर हमारी सरकार को गिराकर अपनी बना ली। आपका कुछ फायदा होता तो समझ में आता। इन्होंने महाकाल को नहीं छोड़े, हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। ये लोग भगवान को भी नहीं छोड़े हैं। राज्य में तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला हो रहा है।"
"आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। हम 100 फीसदी इसे पूरा करेंगे। यह मेरा वादा है, ये गारंटी हैं, घोषणा नहीं। हमने यही वादा कर्नाटक में भी किया था और सरकार ने पहली कैबिनेट में ही इसे पास कर दिया।"
- महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे।
- गैस सिलंडर 1000 नहीं, 500 रुपए में मिलेगा।
- 100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट आधी हो जाएगी।
- मध्य प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना को लागू करेंगे।
- कमलनाथ की सरकार ने किसानों के कर्ज माफ किए। बाकी किसानों की कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।
आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो यहां क्लिक करें
विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।