लाड़ली बहनों को राखी का तोहफा, सावन महीने में खाते में आएंगे 1500 रुपए
भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रक्षाबंधन से पहले लाड़ली बहनों के लिए एक विशेष तोहफा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन महीने में हर लाड़ली बहन के खाते में हर महीने की पहली तारीख को 250 रुपए जमा किए जाएंगे। रक्षाबंधन के अवसर पर जनप्रतिनिधि लाड़ली बहनों से राखी बंधवाएंगे। इस संबंध में एक बैठक के दौरान यह घोषणा की गई।

कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री का बयान
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि भारतीय संस्कृति में सावन माह का विशेष महत्व है। इस महत्व को ध्यान में रखते हुए, प्रत्येक लाड़ली बहन के खाते में हर महीने की पहली तारीख को 250 रुपए जमा किए जाएंगे।

रक्षाबंधन पर बहनों से राखी बंधवाने का एलान
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह राशि लाड़ली बहनों के लिए सरकार द्वारा प्रतिमाह जारी की जाने वाली 1250 रुपए की राशि के अतिरिक्त होगी। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों को प्रतिमाह मिलने वाली 1250 रुपए की राशि उनके खाते में पूर्वानुसार जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों से रक्षाबंधन के पर्व पर अपने-अपने क्षेत्र की बहनों से राखी बंधवाने का आह्वान भी किया।

मध्यप्रदेश में लाड़ली बहनों की संख्या
मध्य प्रदेश में लगभग 1.29 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनें हैं। राज्य सरकार लाड़ली बहनों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर भी उपलब्ध कराती है।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो यहां क्लिक करें


विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं